- भागलपुर में जिलाधिकारी और SSP ने ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ पर आयोजित किया प्रेस सम्मेलन
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर के समीक्षा भवन में बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (Ease of Living) को लेकर संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से की।
जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि इस निश्चय का उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करना और उन्हें सरकारी सेवाओं तक आसान पहुँच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आम जनता अक्सर सरकारी कार्यालयों में समस्याओं के समाधान के लिए आती है, लेकिन अधिकारी अनुपस्थित होने के कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है।
इस समस्या को दूर करने के लिए सरकार ने निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल, जिला और राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी अपनी कार्यालय अवधि में आम लोगों से मिलेंगे।
निर्धारित दिवसों पर अधिकारी अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे और शिकायतों को सम्मानपूर्वक सुनकर त्वरित समाधान करेंगे।
यदि कोई अधिकारी अनुपस्थित रहे, तो उनके स्थान पर अधिकृत अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
एक से अधिक विभाग/कार्यालय के प्रभार वाले अधिकारी, समय का निर्धारण कर सभी कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे।
सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की सुविधा, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं का प्रबंध किया जाएगा।
प्राप्त शिकायतों का पंजीकरण और अनुश्रवण किया जाएगा, और नियंत्री पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि अधीनस्थ अधिकारी आदेश का पालन कर रहे हैं।
इसके अलावा, एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत किसान रजिस्ट्री का कार्य कैम्प मोड में किया जा रहा है। इसका द्वितीय चरण 17 से 21 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी CSC या स्वयं ऑनलाइन पोर्टल (https://bhfr.agristack.gov.in/farmer-registry-bh/#/) के माध्यम से तैयार कर सकते हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि सभी पुलिस थानों और अनुमंडल/जिला पुलिस कार्यालय में भी आम लोगों की शिकायतों को सुनने और उनका समाधान करने के लिए सोमवार और शुक्रवार को अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
जिलाधिकारी और SSP ने सभी विभागों और अधिकारियों से अनुरोध किया कि वे इस पहल को सफल बनाने में पूरी तत्परता से सहयोग करें, ताकि आम नागरिकों के लिए सरकारी सेवाओं तक पहुँच और जीवन आसान बनाया जा सके।

































