न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के मोहनिया से शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मोहनिया–आरा पथ पर लहुरबारी के समीप दोपहर करीब 1 बजे सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से सीएनजी ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान मोहनिया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 निवासी स्वर्गीय इजहार राय के 42 वर्षीय पुत्र रमजान राय के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे में घायल लोगों में गया जिले के अंगरा निवासी राकेश कुमार के पुत्र रौशन कुमार, उनकी पुत्री सोनम कुमारी तथा फतेहपुर निवासी सुदामा सिंह के पुत्र चंदन कुमार शामिल हैं। सभी घायलों को पहले मोहनिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला सहित दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए गया जी के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया।
घटनास्थल पर पहुंचीं जिला परिषद सदस्य गीता पासी ने बताया कि ऑटो और कंटेनर की टक्कर में यह हादसा हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गया जी रेफर किया गया है, और घायल सभी गया जिले के निवासी हैं।
वहीं मोहनिया अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विजय सिंह ने बताया कि सीएनजी ऑटो ने सड़क किनारे खड़े कंटेनर में तेज रफ्तार से टक्कर मार दी, जिससे ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद गया जी रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

































