न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में भागलपुर के राजकीय बालिका इंटर स्कूल परिसर में जिला स्तरीय एकदिवसीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला 2026 का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक (नियोजन), अवर प्रादेशिक नियोजनालय, भागलपुर द्वारा जिलाधिकारी को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्हें रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से संबंधित जानकारी दी गई।
मौके पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि इस नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को उनके कौशल के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यदि युवा नौकरी प्राप्त नहीं कर पाते हैं, तो वे अपने कौशल के बल पर स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है तथा आगे और भी सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने महिलाओं से इस योजना का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को मजबूत करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने की अपील की।
जिला स्तरीय एकदिवसीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला : युवाओं को कौशल सशक्त बनाने और स्वरोजगार के लिए किया गया प्रेरित
































