ई-केवाईसी लगभग पूर्ण, किसान पंजीकरण में तेजी के निर्देश,जिलाधिकारी की अध्यक्षता में दो पालियों में हुई समीक्षा बैठक

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर समाहरणालय के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में ई-केवाईसी एवं एफआर (किसान पंजीकरण) कार्यों में प्रगति लाने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक दो पालियों में हुई, जिसमें पहली पाली में नवगछिया एवं कहलगांव अनुमंडल तथा दूसरी पाली में भागलपुर सदर अनुमंडल के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पंचायत प्रभारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रखंडवार ई-केवाईसी और किसान पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा में पाया गया कि ई-केवाईसी का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, जबकि किसान पंजीकरण का कार्य अभी भी अपेक्षाकृत काफी शेष है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी पंचायत प्रभारियों को निर्देश दिया कि 17, 18 एवं 19 जनवरी को वार्ड स्तर पर विशेष शिविर लगाकर शेष किसान पंजीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान पंजीकरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।