एसएसबी ने नशीली दवाइयों को किया जब्त, तस्कर भागने में रहा सफल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी फतेहपुर ने नशीली दवाइयों को जब्त किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु सशस्त्र सीमा बल द्वारा निरंतर सतर्कता एवं प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि सीमा चौकी फतेहपुर के जिम्मेदारी क्षेत्र अंतर्गत सीमा स्तंभ संख्या–204 के समीप से मादक पदार्थ प्रतिबंधित सामान की तस्करी की संभावना है।
प्राप्त सूचना के आधार पर बिना विलंब एक विशेष पेट्रोलिंग पार्टी का गठन किया गया। पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा सूचना आधारित स्थान पहुँचने पर देखा गया कि एक संदिग्ध व्यक्ति अपने सिर पर एक बोरी लादे हुए छुपावदार रास्ते से भारत से नेपाल की ओर अति तीव्र गति से सीमा पार कर रहा है। सुरक्षा दल द्वारा उक्त व्यक्ति को पकड़ने हेतु पीछा किया गया। लेकिन सीमा निकट होने के कारण वह व्यक्ति बोरी को फेंककर नेपाल की ओर फरार हो गया।
मौके पर फेंकी गई बोरी की तलाशी लेने पर निम्नलिखित प्रतिबंधित नशीली दवाइयाँ बरामद हुईं—
Nitrazepam Tablets – 900 नग
Triptilidine Hydrochloride एवं Codeine Phosphate Cough Syrup (100 ml) – 160 नग
तत्पश्चात आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए जब्त की गई नशीली दवाइयों को थाना बीरपुर, जिला सुपौल को सुपुर्द कर दिया गया।
उक्त कार्रवाई के दौरान सशस्त्र, सीमा बल के उप निरीक्षक सामान्य मोहनलाल वर्मा सहित अन्य बलकर्मी उपस्थित थे।