न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
दसवें वेटरन्स डे के अवसर पर भागलपुर जिले से वेटरन्स (भूतपूर्व सैनिकों) का एक दल शौर्य संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हुआ। भागलपुर जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल संजय कुमार की अध्यक्षता में बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यह दल 14 जनवरी 2026 को दानापुर स्थित कलिंगा स्टेडियम में आयोजित शौर्य संवाद कार्यक्रम में भाग लेगा। कार्यक्रम में भागलपुर जिले से वीर नारियों एवं भूतपूर्व सैनिकों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल संजय कुमार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं शहीद सैनिकों के परिवारों के कल्याण के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। उनके सम्मान, अधिकार और समस्याओं के समाधान हेतु हरसंभव सहयोग किया जाता रहेगा।
कर्नल संजय कुमार ने कहा कि शौर्य संवाद जैसे कार्यक्रमों से भूतपूर्व सैनिकों का मनोबल बढ़ता है तथा समाज में उनके योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया जाता है। कार्यक्रम देश की सैन्य परंपरा, शौर्य और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

































