न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले में नशा कारोबारियों के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस को एक ऐतिहासिक सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस को प्राप्त पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वीरपुर के नेतृत्व में वीरपुर थाना पुलिस द्वारा दिनांक 13 जनवरी 2026 को ऐसी कार्रवाई की गई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
पुलिस टीम ने ग्राम शुभंकरपुर, वार्ड संख्या–10 में एक व्यक्ति के मक्का लगे खेत में छिपाकर रखे गए 20 बोरों में कुल 620 किलोग्राम गांजा बरामद किया। खेत के बीचों-बीच, फसल की आड़ में नशे का यह विशाल जखीरा छुपाया गया था, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन पुलिस की पैनी नजर और सटीक सूचना ने नशा तस्करों की सारी चालाकी बेनकाब कर दी।
खेत बना था नशे का गोदाम
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मक्का की फसल को ढाल बनाकर लंबे समय से गांजा छिपाकर रखा गया था और मौके की तलाश में इसे दूसरे राज्यों में खपाने की तैयारी थी। पुलिस की अचानक छापेमारी से तस्करों में भगदड़ मच गई और वे मौके से फरार हो गए।
लाखों की खेप, अंतरराज्यीय नेटवर्क की आशंका
बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरोह सक्रिय है। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि नशा कारोबारियों के लिए जिला अब सुरक्षित नहीं है। अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा कारोबारियों में डर का माहौल है, वहीं आम जनता ने पुलिस की इस बड़ी सफलता की सराहना की है।
तस्करों में खौफ
वीरपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि जिला प्रशासन नशा मुक्त समाज की दिशा में पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


































