न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खूंटी पंचायत स्थित करहवाना गांव में मंगलवार की शाम 21 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका महिला रूबी देवी वार्ड आठ निवासी गुड्डू शर्मा की पत्नी बताई जा रही है। रूबी देवी बीते तीन माह से जदिया थानाक्षेत्र के हीरापट्टी गांव स्थित मायके में थी और छह जनवरी को वह ससुराल लौटी थी, रूबी के मौत की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग करहवाना पहुंचे और बेड पर पड़े रूबी के शव को देखकर दहाड मारकर रोने लगे। मायके पक्ष के लोगों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना के बाद थानाध्यक्ष प्रमोद झा मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की। जिसके बाद घटना से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया।र त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार भी स्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एसडीपीओ ने शव का पोस्टमार्टम करवाने का निर्देश दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया किशोर कुमार मुन्ना सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। बुधवार अपराह्न थानाध्यक्ष के साथ फोरेंसिक टीम मृतका के घर पहुंची और कमरे से साक्ष्य एकत्रित किये। थानाध्यक्ष की मानें तो पुलिस मौत के कारणों को लेकर किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है, सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है, इधर मृतका के भाई रौशन कुमार के अनुसार उनके जीजा गुड्डू शर्मा ने करीब तीन बजे फोन पर बताया कि रूबी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है, जिसके बाद वे लोग शाम में करीब पांच बजे करहवाना पहुंचे, घर में जाकर देखा कि बहन का शव बेड पर पड़ा हुआ है, घर में सिर्फ जीजा गुड्डू थे और अन्य लोग फरार थे, जिसके बाद पुलिस को फोन कर घटना से अवगत कराया गया,
वहीं मृतका की मां पुनिता देवी ने सास, ससुर, ननद और देवर पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है, बताया कि दामाद को छोड़कर ससुराल पक्ष के सभी लोग उनकी पुत्री से आये दिन झंझट करते रहते थे, बताया कि तीन साल पूर्व उनकी पुत्री की शादी हुई थी और उसे डेढ़ साल का एक पुत्र भी है, बीते तीन माह से उनकी पुत्री मायके में ही थी जो छह जनवरी को ससुराल लौटी थी, वहीं मृतका के पति गुड्डू शर्मा की मानें तो रूबी ने पंखे के सहारे फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है।पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना के कारण स्पष्ट हो पायेगा।

































