न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले में मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कैमूर पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। मेले के दौरान मनचलों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी, वहीं सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि भभुआ शहर में मकर संक्रांति दो दिनों तक मनाई जाएगी। इस अवसर पर अखलासपुर में 14 और 15 जनवरी को भव्य मेला आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले के कोने-कोने से हजारों की संख्या में लोग शामिल होते हैं। मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना से बचने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मेले के साथ-साथ शहर के चिन्हित चौक-चौराहों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी लगातार मेले और आसपास के क्षेत्रों में गश्त करेंगे, ताकि किसी भी तरह की शरारती हरकत पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि मेले में माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों और मनचलों पर पुलिस की खास नजर रहेगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि मकर संक्रांति शांति और भाईचारे का पर्व है, इसे सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।
































