न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल /राघोपुर
जिले के करजाइन थाना क्षेत्र के हरिरहा पंचायत के सीतापुर वार्ड संख्या 1 में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। घर के सामने खेल रही दो मासूम बच्चियां पास स्थित पोखर में डूब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चियां घर के आगे अन्य बच्चों के साथ खेल रही थीं। खेल-खेल में वे पोखर के पास पहुंच गईं और किसी को भनक लगे बिना पोखर में डूब गईं। कुछ देर बाद जब अन्य बच्चों ने हल्ला-गुल्ला मचाया, तब परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से पोखर में खोजबीन शुरू की गई, जहां से दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया।
आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चियों को रेफरल अस्पताल राघोपुर लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि दोनों बच्चियों की मौत अस्पताल पहुंचने से करीब आधे घंटे पहले ही हो चुकी थी। डॉक्टर के अनुसार, पानी में डूबने के कारण उनकी जान गई।


घटना की सूचना मिलते ही करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृत बच्चियों की पहचान हरिरहा पंचायत निवासी सुरेश मेहता की 11 वर्षीय पुत्री प्रीति प्रिया और राजेश कुमार मेहता की 9 वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में की गई है। दोनों बच्चियां आपस में सहेलियां थीं और एक साथ खेल रही थीं।
इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। रोते-बिलखते परिजनों का हाल बेहाल है। वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।
































