न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव सह सांसद प्रियंका गांधी का जन्मोत्सव भागलपुर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा के निवास स्थित कांग्रेस कैम्प कार्यालय में समारोह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और उल्लास देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ अजीत शर्मा द्वारा केक काटकर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए अजीत शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी आज देश की एक प्रखर, निर्भीक और सशक्त नेतृत्वकर्ता के रूप में उभरी हैं। वे महिलाओं, अल्पसंख्यकों, दलितों एवं पिछड़े वर्ग के लोगों की बुलंद आवाज हैं।
उन्होंने कहा कि अपने अल्प संसदीय काल में ही प्रियंका गांधी ने सत्ता को सीधी चुनौती देकर अपनी राजनीतिक समझ, साहस और नेतृत्व क्षमता का प्रभावशाली परिचय दिया है। श्री शर्मा ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए कहा कि देश को उनके निरंतर और मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि डॉ. अभय आनंद, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सोईन अंसारी, नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती सिंह, डॉ. अभिषेक चौबे, रविंद्रनाथ यादव, कांग्रेस नेत्री मिनाक्षी रॉयल, इंटक के जिला अध्यक्ष रवि कुमार, मो. सैफ बिन मल्लिक, मो. महताब खान, रमीज रजा, मो. जाहीर नेजामी सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी के उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य और देशहित में उनके संघर्षों की सफलता की कामना की।
































