स्वामी विवेकानंद जयंती पर डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन, युवाओं को आत्मबल और राष्ट्र निर्माण का दिया गया संदेश

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और प्रेरणादायी वातावरण में मनाया गया। महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से महान विचारक, दार्शनिक और युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रूपा कुमारी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन-चरित्र, उनके संघर्षपूर्ण जीवन, शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन में दिए गए ऐतिहासिक भाषण तथा उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संत ही नहीं, बल्कि युग-प्रवर्तक थे, जिनके विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, साहस और सेवा भावना से भर देते हैं।
डॉ. रूपा कुमारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती को पूरे देश में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि युवाओं को उनके आदर्शों से जोड़कर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण किया जा सके। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वामी जी द्वारा बताए गए मार्ग—चरित्र निर्माण, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समाज सेवा—को अपने जीवन में अपनाएं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य बिंदेश्वरी प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात कर ले, तो समाज में व्याप्त अनेक समस्याओं का समाधान स्वतः हो सकता है। उन्होंने महाविद्यालय में ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रमों के आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित प्राध्यापक जयकिशोर यादव, सुरेश प्रसाद यादव, सुधांशु कुमार एवं सुभाष प्रसाद यादव ने भी अपने-अपने विचार रखते हुए स्वामी विवेकानंद के संदेशों को युवाओं के लिए पथ-प्रदर्शक बताया।
इस मौके पर सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों के प्रबोधक एवं ग्राम्यशील टीम के सदस्य चंद्रशेखर ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संदेश केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए है। उन्होंने सेवा, मानवता, करुणा और नैतिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं—पिंकी कुमारी, सोनी कुमारी, प्रतिमा कुमारी, रिंकी कुमारी, विभा कुमारी, विमल कुमारी सहित अन्य छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। छात्राओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, युवा सशक्तिकरण और समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण प्रेरणादायी और ऊर्जावान बना रहा।