कैमूर: मनरेगा से गांधी जी का नाम हटाने के विरोध में कांग्रेस ने रखा एक दिवसीय उपवास

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाने और इसे श्रीराम नाम से चलाने के प्रस्ताव के खिलाफ रविवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भभुआ शहर के एकता चौक पर एक दिवसीय उपवास एवं धरना प्रदर्शन किया।
धरना प्रदर्शन में जिले भर से कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा ने कहा कि मनरेगा योजना वर्षों से महात्मा गांधी के नाम से संचालित हो रही है और यह योजना ग्रामीण गरीब, अतिपिछड़े और मजदूर वर्ग के लिए जीवन-रेखा साबित हुई है।
उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार द्वारा गांधी जी के नाम को योजना से हटाना गलत और अस्वीकार्य है। यह न केवल गांधी जी की स्मृति के साथ अन्याय है, बल्कि देश के गरीब और मजदूर वर्ग के अधिकारों के खिलाफ भी है। इस योजना के माध्यम से कई गांवों के गरीब लोगों को रोजगार और सम्मान मिला है। इसे बदला नहीं जाना चाहिए।”
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार ने गांधी जी का नाम योजना में वापस नहीं जोड़ा, तो पार्टी गांव-गांव जाकर चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस न तो मनरेगा योजना को बंद होने देगी और न ही महात्मा गांधी का नाम इससे हटने देगी।
धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन कार्यकर्ताओं ने यह साफ़ कर दिया कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।