न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, सुपौल में आयोजित कृत्रिम बुद्धिमत्ता में उभरते रुझान विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला का रविवार को सफल समापन हो गया। यह सात दिवसीय कार्यशाला 5 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित की गई थी, जिसे बिहार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (BCST) द्वारा प्रायोजित किया गया था।
रविवार को समापन समारोह में प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ छात्रों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ती हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं। इस अवसर पर गोपाल कृष्णा, विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, एवं कमल राज प्रवीण, विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने भी कार्यशाला के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यशाला के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, पाइथन प्रोग्रामिंग, IoT और हेल्थकेयर एप्लिकेशन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में छात्रों ने सक्रिय भागीदारी कर आधुनिक तकनीकों की गहन जानकारी प्राप्त की।
समापन समारोह के अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता में तान्या कुमारी और नितु कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का स्थान प्राप्त किया। उन्हें संस्थान द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यशाला के सफल संचालन में संयोजक सुनील कुमार साहू एवं अभय कुमार के साथ-साथ शिक्षकगण गौरव कुमार, सुनील कुमार सुमन, कुमार अनुकूल, फूल कुमारी एवं नीरज कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग के कर्मियों में शिवनारायण, कृष्णा, विजय और नीतीश ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग के छात्र समन्वयकों ने भी बढ़ चढकर हिस्सा लिया।
कार्यशाला के समापन पर छात्रों और शिक्षकों ने इस आयोजन को अत्यंत लाभकारी बताते हुए भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।



























