न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के तहत धान अधिप्राप्ति को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की। बैठक में धान खरीद की प्रगति, लक्ष्य की समीक्षा तथा भुगतान की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला सहकारिता पदाधिकारी सतीश कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि जिले में अब तक 14,300 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति की जा चुकी है। धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य संशोधित करते हुए 40,000 मीट्रिक टन से घटाकर 37,285 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक लगभग 2,700 किसानों से धान की खरीद की गई है, जिसमें से 89 प्रतिशत किसानों को भुगतान किया जा चुका है। शेष किसानों को भी शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की प्रक्रिया जारी है।
बैठक में बताया गया कि धान अधिप्राप्ति का कार्य 28 फरवरी 2026 तक किया जाना है। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और पैक्स प्रबंधकों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्पष्ट किया कि जिन पैक्स का प्रदर्शन बेहतर रहेगा, उनका कोटा कम प्रदर्शन करने वाले पैक्स से घटाकर बढ़ाया जाएगा। वहीं, जिन पैक्स द्वारा अपने निर्धारित लक्ष्य का 20 प्रतिशत से भी कम धान अधिप्राप्त किया गया है, उनसे कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि बाजार समिति बागबाड़ी में सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) की आपूर्ति भारतीय खाद्य निगम/राज्य खाद्य निगम को करने का शुभारंभ किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने के निर्देश, कमजोर प्रदर्शन वाले पैक्स से होगी जवाबदेही तय
































