भागलपुर में गणतंत्र दिवस की तैयारियां तेज, परेड और झांकियों के रंग-बिरंगे कार्यक्रम होंगे

  • जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक
  • 20 जनवरी से परेड की तैयारी, 24 जनवरी को अंतिम पूर्वाभ्यास
  • विभिन्न विभागों की झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, क्रिकेट मैच भी आयोजित

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

भागलपुर में 26 जनवरी 2026 को होने वाले गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें समारोह की रूपरेखा और विभिन्न कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।
बैठक में यह तय किया गया कि मुख्य समारोह के लिए परेड की तैयारी 20 जनवरी से सैंडिस कंपाउंड में शुरू होगी। अंतिम पूर्वाभ्यास 24 जनवरी को प्रातः 9 बजे होगा, जिसका निरीक्षण जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक करेंगे। परेड की कमेंट्री आकाशवाणी भागलपुर के उद्घोषक द्वारा की जाएगी, जिसे सुनिश्चित करने के लिए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को अधिकृत किया गया है।
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में झुनझुनवाला बालिका उच्च विद्यालय और मोक्षदा इंटर बालिका उच्च विद्यालय के छात्रों के साथ-साथ अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी राष्ट्रगान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवसर दिया जाएगा। परेड में सीटीएस बैंड, नाथनगर की प्रस्तुति होगी। समारोह में बीएमपी, डीएपी, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, फायर ब्रिगेड आदि दलों द्वारा परेड प्रदर्शन किया जाएगा।
इस वर्ष मुख्य समारोह स्थल पर विभिन्न विभाग अपनी योजनाओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत करेंगे। इनमें आईसीडीएस, जीविका, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, उत्पाद एवं मध्य निषेध, परिवहन, ग्रामीण विकास और पुलिस विभाग शामिल हैं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके अलावा, नागरिक और जिला प्रशासन के बीच 20-20 क्रिकेट मैच का आयोजन सैंडिस मैदान में किया जाएगा। बैठक में डीडीसी, अपर समाहर्ता राजस्व सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे गणतंत्र दिवस समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे सफल बनाने में सहयोग करें।