न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
भागलपुर के सिकंदरपुर के निवासी प्रवीण कुमार को पटना हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की खबर से उनके गृह नगर में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके पिता कृष्ण मोहन वरिष्ठ अधिवक्ता रहे हैं। पटना हाईकोर्ट में न्यायपालिका को और मजबूत बनाने के लिए भारत के राष्ट्रपति ने दो नए न्यायाधीशों रितेश कुमार और प्रवीण कुमार की नियुक्ति को आधिकारिक मंजूरी दी। ये नियुक्तियाँ अनुच्छेद 217(1) के तहत की गई हैं। न्यायाधीशों ने 8 जनवरी को शताब्दी भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू की उपस्थिति में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
इस अवसर पर कई न्यायाधीश, महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता, पूर्व जज और विभिन्न पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे यह समारोह अत्यंत गरिमामय और भव्य रहा।
पटना हाईकोर्ट में न्यायपालिका की मजबूती
इन नई नियुक्तियों के साथ ही पटना हाईकोर्ट में जजों की संख्या मुख्य न्यायाधीश सहित अब 37 हो गई है। हालांकि, अभी भी हाईकोर्ट में 53 स्वीकृत पदों में 16 रिक्त हैं। न्यायिक पदों की यह रिक्तता लंबित मामलों के निस्तारण में बाधा डाल रही है और आम नागरिकों के न्याय पाने के अधिकार पर असर डाल रही है।
न्यायिक प्रक्रिया में गति बढ़ाने की उम्मीद
पदभार ग्रहण करते ही ये नियुक्तियाँ प्रभावी होंगी। भारत सरकार के संयुक्त सचिव जगन्नाथ श्रीनिवासन के हस्ताक्षर से जारी आदेश के अनुसार यह गजट ऑफ इंडिया में प्रकाशित किया जाएगा। नवनियुक्त न्यायाधीशों की नियुक्ति से लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आने और न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पटना हाईकोर्ट में इन नियुक्तियों से बिहार की न्यायिक व्यवस्था को मजबूती की एक और सीढ़ी मिली है और आम जनता के लिए न्याय की राह और सुगम बनने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
































