न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार राज्य अल्पसंख्यक वित्तीय निगम द्वारा अल्पसंख्यक वर्ग के लाभुकों को दी गई शिक्षा एवं रोजगार से जुड़ी ऋण योजनाओं की वसूली में तेजी लाने के उद्देश्य से भागलपुर में छह दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 19 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, भागलपुर के परिसर में संचालित होगा।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना, एनएमडीएफसी टर्म लोन योजना तथा मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक शिक्षा ऋण योजना के अंतर्गत वितरित ऋण की बकाया किस्तों की वसूली के लिए यह कैंप लगाया जा रहा है। बिहार राज्य अल्पसंख्यक वित्तीय निगम, पटना के प्रबंध निदेशक द्वारा जारी पत्र के आलोक में इस शिविर की तिथि निर्धारित की गई है।
जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित ऋणधारकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर शिविर में उपस्थित होकर अपनी बकाया किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करें। अधिकारियों का कहना है कि समय पर किस्त जमा करने से जहां लाभुकों को भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से राहत मिलेगी, वहीं निगम की योजनाओं का लाभ अन्य जरूरतमंदों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
































