रात्रि वाहन चेकिंग अभियान से अपराधियों में हड़कंप, सुपौल पुलिस सतर्क

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

पुलिस अधीक्षक सरथ आर एस के निर्देश पर जिले में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रात्रि वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार देर रात सुपौल पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस बल ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा वाहनों के कागजात, हेलमेट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रात्रि के समय होने वाली आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाना, असामाजिक तत्वों की पहचान करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। चेकिंग के कारण अपराधियों में हड़कंप देखा गया, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय आवश्यक कागजात साथ रखें और किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।