भपटियाही में शराब माफ़ियाओं पर पुलिस का करारा प्रहार, स्कॉर्पियो से 369 लीटर शराब जब्त, दो तस्कर धराये

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। अवैध नेपाली शराब की बड़ी खेप को जब्त किया है। स्कॉर्पियो से 41 पेटी नेपाली शराब बरामद की। जिसमें कुल 1230 बोतलें शामिल हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 369 लीटर बताई जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई से शराब माफ़ियाओं में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर भपटियाही थाना पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन के भीतर छिपाकर रखी गई 41 पेटी नेपाली शराब बरामद हुई। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह खेप नेपाल सीमा से होते हुए जिले में खपाने की योजना थी। प्रारंभिक जांच में तस्करी के पीछे संगठित गिरोह की भूमिका सामने आ रही है। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है तथा गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गयी है।
प्रशासन का सख्त संदेश:
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब, नशा कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।