न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
श्री सत्य साई सेवा संगठन, भारत एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की फिट इंडिया पहल के अंतर्गत भगवान श्री सत्य साई बाबा के सौवें जन्मदिवस के अवसर पर ‘श्री सत्य साई रन एंड राइड’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन रविवार को भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में किया गया।
इस अवसर पर 3 किमी, 5 किमी एवं 10 किमी की तीन श्रेणियों में आयोजित दौड़ में बिहार के विभिन्न जिलों से आए लगभग 700 महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ की शुरुआत सैंडिस कंपाउंड स्थित बैडमिंटन कोर्ट गेट के पास से हुई, जो मनाली चौक, कचहरी चौक, तिलकामांझी चौक, महिंद्रा शोरूम एवं जीरोमाइल चौक होते हुए पुनः सैंडिस कंपाउंड में समाप्त हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुड्डू साई ने कहा कि “भगवान श्री सत्य साई बाबा का संदेश ‘मानव सेवा ही माधव सेवा है’ आज के समय में और अधिक प्रासंगिक हो गया है। स्वस्थ शरीर, सेवा भावना और सामाजिक एकता के माध्यम से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है। यह रन एंड राइड कार्यक्रम उसी विचारधारा का जीवंत उदाहरण है।”
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और मानवीय मूल्यों को भी बल मिलता है।
सामाजिक एवं मानवीय एकता के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे बिहार से 980 लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, जिनमें से 700 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। सभी प्रतिभागियों को श्री सत्य साई सेवा संगठन की ओर से निःशुल्क ड्रेस किट उपलब्ध कराई गई।
दौड़ पूर्ण करने वाले सभी प्रतिभागियों को राज्याध्यक्ष सरोज चौधरी, उपराज्याध्यक्ष उमाशंकर शर्मा, अरविंद कुमार, ट्रस्ट संयोजक राजकुमार प्रसाद, राज्य सेवा समन्वयक मुनेश्वर सिंह एवं रन एंड राइड प्रभारी प्रियरंजन द्वारा मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन संगठन के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सुड्डू साई, दीपक श्रीवास्तव, प्रीतम वर्मा, दीपक गुप्ता, राहुल राज, पंकज वर्मा, सोनालिका, लता गुप्ता, डेजी श्रीवास्तव सहित जिले के सभी साई भक्तों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सेवा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक समरसता से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।
फिट इंडिया पहल के तहत भागलपुर में हुआ ‘श्री सत्य साई रन एंड राइड’, 700 प्रतिभागियों ने लिया भाग

































