एसएसबी ने 238.5 लीटर शराब और एक नाव को किया जब्त, तस्कर भागने में रहा सफल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

45वीं वाहिनी एसएसबी की सीमा चौकी पिपराही ने बिहार पुलिस के साथ संयुक्त नाका ड्यूटी के दौरान एक जनवरी की सुबह 238.5 लीटर नेपाली शराब और एक नाव को जब्त किया है।
जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि तस्करों द्वारा सीमा स्तम्भ संख्या 213/41 से 6 किलोमीटर भारत की तरफ़ स्पर संख्या 1237 के समीप नेपाल से भारत में प्रतिबंधित सामान की तस्करी होने वाली है।
सूचना की पुष्टि उपरांत एसएसबी सीमा चौकी पिपराही तथा बिहार पुलिस के कार्मिको का संयुक्त नाका दल गठित किया गया ।
चिन्हित स्थान पर पहुंच कर नाका दल छिप कर बैठ गया। कुछ समय बीत जाने के बाद नाका दल ने देखा की सूचना से मेल खाते हुए एक नाव भारत की तरफ़ आ रही है।
नाका दल ने चेतावनी देते हुए उन्हें रुकने के लिए बोला लेकिन अंधेरे एवं घने कोहरे का लाभ उठा कर तस्कर भाग निकले।
बरामद हुए समान की तलाशी ली गई जिसके अंदर से 795 बोतल कुल 238.5 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई।
तत्पश्चात नाका दल द्वारा पकड़ी गई शराब तथा नाव को थाना-रतनपुरा को सुपुर्द कर दिया गया ।
इस दौरान एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक पर्था देब बर्मन तथा अन्य जवान उपस्थित थे।