पूर्व सांसद विस्मोहन कुमार मंडल ने किया उद्घाटन,
बोले—खेल से बनता है अनुशासन और नेतृत्व
न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के पिपरा प्रखंड के निर्मली बाजार स्थित भागीरथ उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में बुधवार को स्वर्गीय अवध प्रसाद मंडल स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है । टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व सांसद विश्व मोहन कुमार तथा निर्मली पंचायत के मुखिया हरिनंदन मंडल ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
उद्घाटन के अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय ग्रामीण, युवा खिलाड़ी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरा मैदान खेल उत्साह और जोश से सराबोर नजर आया।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद विश्व मोहन कुमार ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। खेल से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन और टीम वर्क की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे खेल प्रतियोगिताएं छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं और युवा गलत रास्तों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं।
मुखिया हरिनंदन मंडल ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि स्वर्गीय अवध प्रसाद मंडल की स्मृति में आयोजित यह टूर्नामेंट युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों को निरंतर कराने की बात कही।
इस मौके पर कटैया माहे पंचायत के मुखिया वीरेंद्र प्रसाद मंडल, भारत की अंडर-18 रग्बी टीम की कप्तान अंशु कुमारी, डॉ. राजेश कुमार, संजीव, मिथिलेश सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
टूर्नामेंट के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में खेल को लेकर नया उत्साह देखने को मिला है। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में आसपास के कई पंचायतों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है।

































