न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सशस्त्र सीमा बल का 62वां स्थापना दिवस शनिवार को 45वीं वाहिनी एसएसबी बीरपुर में हर्षोल्लास गौरव एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। यह समारोह बल की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन तथा राष्ट्र सेवा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।
इस गरिमामय अवसर पर मुख्य अतिथि कमांडेंट गौरव सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में एसडीएम बीरपुर,उप कमांडेंट सुमन सौरभ, उप कमांडेंट प्रवीण कुमार कौशिक ,एसडीपीओ बीरपुर अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी, जवान एवं संदिक्षा परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत एसएसबी के गौरवशाली इतिहास, उपलब्धियों तथा सीमा सुरक्षा में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए की गई। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में सभी अधिकारियों एवं जवानों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं त्याग की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी निष्ठा और उत्साह के साथ राष्ट्र सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाने हेतु केंद्रीय विद्यालय (के.वि.) के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें दर्शकों द्वारा अत्यंत सराहा गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण एसएसबी डॉग शो रहा, जिसमें श्वान दस्ते की उत्कृष्ट प्रशिक्षण क्षमता, अनुशासन एवं कार्यकुशलता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।
सौहार्द, आपसी मेल-जोल एवं उल्लास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जलेबी रेस तथा म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन गर्व, एकता एवं सौहार्द के भाव के साथ हुआ। 45वीं वाहिनी, एसएसबी बीरपुर में आयोजित 62वें स्थापना दिवस का यह समारोह बल की एकजुटता, परंपरा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सशक्त उदाहरण रहा।

































