जिला विधिज्ञ संघ में शोक सभा, राजनीति प्रसाद के निधन पर दी गई श्रद्धांजलि

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

जिला विधिज्ञ संघ बचाओ संघर्ष समिति, भागलपुर की ओर से शोक सभा सह बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राष्ट्रीय जनता दल, विधि प्रकोष्ठ बिहार के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद एवं पटना हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता राजनीति प्रसाद के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई।
बैठक में उपस्थित तमाम पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राजनीति प्रसाद का निधन विधि जगत एवं सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। वे न केवल एक प्रख्यात अधिवक्ता थे, बल्कि विधिक एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के सशक्त प्रहरी भी रहे।


संघर्ष समिति के महासचिव कपिल देव कुमार, अधिवक्ता ने शोक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “विद्वान व्यक्ति के निधन के बाद उसका शरीर तो मिट्टी में मिल जाता है, लेकिन उसका ज्ञान, विचार और प्रभाव समाज में जीवित रहता है और नई पीढ़ियों को मार्गदर्शन देता है। यही विद्वानों की सच्ची अमरता है।” उन्होंने कहा कि श्री राजनीतिक प्रसाद के विचार और योगदान सदैव अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने दिवंगत नेता एवं अधिवक्ता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।