अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत हुसैन चौक से इस्लापुर पेट्रोल पंप तक कार्रवाई

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

शहर को अतिक्रमण मुक्त और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान स्वच्छता पदाधिकारी के नेतृत्व में हुसैन चौक से इस्लापुर पेट्रोल पंप तक संचालित किया गया। अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से बने कई बाउंड्री वॉल, अस्थायी दुकानों और कब्जों को हटाया गया, जिससे लंबे समय से लग रहे जाम से लोगों को राहत मिली।
कार्रवाई के दौरान नगर परिषद की टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। अतिक्रमण हटाने के कारण कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हुआ, लेकिन कार्य समाप्त होने के बाद यातायात सामान्य हो गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से शहर के अन्य इलाकों में भी चलाया जाएगा। साथ ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपील की गई कि वे सड़क और नालियों पर अतिक्रमण न करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।