प्रकाशपर्व : श्रद्धालुओं की सुरक्षा को विद्युत विभाग अलर्ट, गुरुद्वारा क्षेत्रों में निर्बाध व सुरक्षित बिजली आपूर्ति के लिए तैयारी तेज

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
प्रकाशपर्व के अवसर पर 25 से 28 दिसंबर तक गुरुद्वारा एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विद्युत विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं को निर्बाध, सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के उद्देश्य से विद्युत कंपनी द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
विभाग द्वारा गुरुद्वारा एवं उससे सटे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में स्थित विद्युत लाइनों एवं शक्ति उपकेंद्रों की विशेष जांच कर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इस क्रम में 33 केवी और 11 केवी लाइनों के साथ-साथ ट्रांसफॉर्मरों का समुचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जा रहा है। सड़क क्रॉसिंग एवं अधिक भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा के लिए गार्ड वायर लगाए जा रहे हैं।
गुरुद्वारा क्षेत्रों में जर्जर, ढीले एवं क्षतिग्रस्त विद्युत तारों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जा रहा है। वहीं, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में एलटी लाइनों में सेपरेटर लगाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में जनहानि की आशंका न रहे। एलटी एबी केबलों में निर्धारित क्षमता के अनुरूप विद्युत भार सुनिश्चित करते हुए उनके इन्सुलेशन की नियमित जांच और अनुरक्षण किया जा रहा है।
सर्वेक्षण के दौरान क्षतिग्रस्त पाए गए सभी इन्सुलेटरों को बदला जा रहा है। जिन वितरण ट्रांसफॉर्मरों से गुरुद्वारा एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम स्थलों को बिजली आपूर्ति की जाती है, उनकी क्षमता का आकलन कर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
जहां-जहां पंडाल लगाए गए हैं, वहां पंडाल संचालकों से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार अस्थायी विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि पंडाल और विद्युत लाइनों के बीच की दूरी भारतीय विद्युत नियमों के अनुरूप हो। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आयोजकों को अवगत कराते हुए आवश्यकता पड़ने पर अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन से समन्वय किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, संबंधित 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का अनुरक्षण एवं मरम्मती कार्य तेज कर दिया गया है। प्रकाशपर्व के दौरान 33 केवी एवं 11 केवी ब्रेकरों को पूर्ण रूप से कार्यरत रखने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की सतत निगरानी के लिए विद्युत कर्मियों एवं कनीय विद्युत अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
किसी भी ब्रेकडाउन की स्थिति में त्वरित समाधान के लिए आवश्यक सामग्री एवं संसाधनों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली गई है। विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि किसी ब्रेकर या अन्य सुरक्षा उपकरण में कोई तकनीकी गड़बड़ी पाई जाती है तो प्रकाशपर्व शुरू होने से पहले ही उसे अनिवार्य रूप से दुरुस्त किया जाए।
विद्युत विभाग ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की विद्युत संबंधी समस्या की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।