जिगरी यार से जानी दुश्मन बनने की खूनी कहानी, अस्पताल में मर्डर की साजिश रचने वाला शेरू पटना पहुंचा… अब उठेगा राज से पर्दा

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
राजधानी पटना के पारस अस्पताल में हुए सनसनीखेज चंदन मिश्रा हत्याकांड (Chandan Mishra Murder Case) की जांच अब अपने अंतिम चरण में है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस के मुख्य साजिशकर्ता और कुख्यात गैंगस्टर ओंकार सिंह उर्फ शेरू सिंह को बिहार पुलिस की स्पेशल टीम पश्चिम बंगाल से पटना ले आई है। मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उसे पटना कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद उसे बेऊर केंद्रीय कारा (Beur Jail) भेज दिया गया। शेरू सिंह के पटना आने से अब इस हत्याकांड की उन कड़ियों के जुड़ने की उम्मीद है, जो अब तक पुलिस के लिए पहेली बनी हुई थीं।

पुरुलिया जेल से ट्रांजिट रिमांड पर लाई पुलिस शेरू सिंह, जो पहले से ही एक अन्य हत्या मामले में पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जेल में बंद था, को पटना पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई है। बेऊर जेल अधीक्षक नीरज झा के मुताबिक, गैंगस्टर को हाई सिक्योरिटी सेल में रखा गया है और उस पर 24 घंटे सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शेरू सिंह से पूछताछ में कई सफेदपोशों और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन का खुलासा हो सकता है।

जेल की चारदीवारी के पीछे रची थी खौफनाक साजिश
पुलिस की 1000 पन्नों की केस डायरी और चार्जशीट यह साबित करती है कि चंदन मिश्रा की हत्या की पूरी स्क्रिप्ट शेरू सिंह ने जेल के अंदर ही लिखी थी। कभी शाहबाद इलाके में चंदन मिश्रा और शेरू सिंह की दोस्ती की मिसाल दी जाती थी। दोनों साथ काम करते थे, लेकिन वर्चस्व (Supremacy) की जंग ने उन्हें एक-दूसरे के खून का प्यासा बना दिया। बदला लेने के लिए शेरू ने जेल से ही अपने गुर्गों को एक्टिव किया और 5 प्रोफेशनल शूटर्स की फौज तैयार की। 17 जुलाई 2025: वो ‘ब्लडी संडे’ जिसने पटना को हिला दिया बीती 17 जुलाई, 2025 का दिन पटना कभी नहीं भूल सकता। पुलिस कस्टडी में इलाज करा रहे चंदन मिश्रा पर पारस अस्पताल के वार्ड में दिनदहाड़े हमला हुआ।

सफेद शर्ट और टोपी पहने 5 शूटर अस्पताल में दाखिल हुए। लीड कर रहा था कुख्यात शूटर तौसीफ रजा उर्फ बादशाह। बिना किसी डर के शूटर सीधे वार्ड में घुसे और चंदन मिश्रा को गोलियों से छलनी कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फिल्म के सीन की तरह भाग निकले थे। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कोलकाता और भोजपुर से मुख्य शूटर तौसीफ रजा समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

ठोस सबूतों के साथ पुलिस तैयार
पटना पुलिस ने इस मामले में कोई कसर नहीं छोड़ी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, फेस-मैचिंग एनालिसिस और डिजिटल सबूतों के आधार पर चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। अब मास्टरमाइंड शेरू सिंह की पेशी से जल्द ही इस केस में सजा का ऐलान होने की संभावना बढ़ गई है।