घायल भाई से मिलने मायके जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत

  • अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो पलटा, परिजनों में मचा कोहराम

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा भरखर गांव के काली स्थान के समीप रामगढ़–मोहनिया पथ पर हुआ, जहां रॉन्ग साइड से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने ऑटो रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पर सवार महिला की घटनास्थल पर ही जान चली गई, जबकि हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतका की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के दसौती गांव निवासी अमरजीत खरवार की 30 वर्षीय पत्नी ज्ञानती देवी के रूप में की गई है। मृतका के भसुर दिलीप खरवार ने बताया कि ज्ञानती देवी को अपने भाई के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली थी। इसी सूचना पर वह अपने मायके, कोचस थाना क्षेत्र के गुड़िया गांव जाने के लिए निकली थी। वह अपने गांव दसौती से ऑटो रिक्शा में सवार होकर मोहनिया बस पकड़ने जा रही थी।
जैसे ही ऑटो रामगढ़–मोहनिया मुख्य पथ पर भरखर गांव के काली स्थान के पास पहुंचा, तभी रॉन्ग साइड से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को मोहनिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका अपने पीछे दो मासूम पुत्र छोड़ गई है—12 वर्षीय आशीष कुमार और 7 वर्षीय साजन कुमार। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने जिला प्रशासन से मृतका के आश्रितों को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।