न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड के कोरियापट्टी पश्चिम में रविवार को ऋणी परिवार ने लोन माफी को लेकर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित की । ऋणी परिवार ने खुल कर अपनी व्यथा व्यक्त की। मुखिया रामानन्द यादव की अध्यक्षता में आयोजित जनसंवाद में अपना विचार व्यक्त करते हुए लोन माफी आन्दोलन के सूत्रधार सह लोरिक विचार मंच के प्रदेश संयोजक डॉ. अमन कुमार ने कहा कि लोन से पीड़ित ऋणी परिवार की स्थिति बहुत ही दयनीय है। ऐसे परिवारों को न केवल आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है बल्कि मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव भी झेलना पड़ता है। ब्याज सहित लोन की राशि लौटाने में किसान, मजदूर, बेरोजगार छात्र व छात्रा, युवा सहित महिलाए लाचार व बेबस हैं इसीलिए अमीर की भांति गरीबों का भी लोन माफ होना चाहिए। डॉ. कुमार ने कहा कि माइक्रो फाइनेंस कंपनी के प्रताड़ना के कारण ऋणी घर छोड़कर भागने के लिए मजबूर है। हजारों लोग मानसिक बीमारी से ग्रसित हो चुके हैं। बच्चों का विकास बाधित हो रहा है। कर्ज मुक्ति गरीबों का हक है। भारत के 35 उद्योगपतियों का तकरीबन 25 लाख करोड़ रूपया कर्ज माफ किया गया है तो आर्थिक रूप से पिछड़े परिवार का लोन क्यों नहीं माफ हो सकता है? लोन माफी आन्दोलन का मकसद किसी जाति, पार्टी और धर्म के समर्थन या विरोध से नहीं है। बल्कि ऋणी परिवार को इंसाफ दिलाना है। ऋण माफी वर्तमान समाज की जरूरत है। डॉ. कुमार ने कहा कि बिहार में बाढ़ और सुखाड़ के कारण किसान की माली हालत दयनीय है। रोजगार के अवसर कम रहने के कारण युवा परेशान है। शिक्षा ऋण लेकर पढ़ाई करने के उपरांत भी छात्र सर्टिफिकेट लेकर रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है। आर्थिक तंगी के कारण गरीबों का जीवन यापन करना मुश्किल हो रहा है। इसीलिए किसानों का के.सी.सी. ऋण, महिलाओं का समूह ऋण, छात्र व छात्रा का शिक्षा ऋण सहित बेरोजगार युवा एवं गरीबों का सभी प्रकार का कर्ज माफ होना चाहिए। सरकार से गुजारिश करते हुए कहा कि आर्थिक राहत, गरीबी उन्मूलन, मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय, वित्तीय स्थिरता, मानसिक तनाव से मुक्ति, जीवन स्तर में सुधार, सामाजिक सुरक्षा में वृद्धि और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ऋण माफी आवश्यक है। मुखिया रामानन्द यादव, पैक्स अध्यक्ष जय प्रकाश यादव व समाजवादी नेता श्याम किशोर सुशील ने भी लोन माफी का मुखर रूप से वकालत किए। जनसंवाद में रामचन्द्र यादव, देवनारायण यादव, राजीव कुमार, भारतेन्दु कुमार, सिकंदर यादव, मनीष कुमार,रूबी कुमारी, सपना देवी, ममता देवी, बीबी सुलताना प्रवीण, रजिया खातून सहित हजारों ऋणी परिवार ने कर भाग लिया

































