न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन और कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को सदर अस्पताल सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (एमओआईसी), बीसीएम, वीबीडीएस, डाटा ऑपरेटर और शहरी क्षेत्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. दीनानाथ ने कहा कि सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम (एमडीए) से पूर्व सभी प्रखंडों को माइक्रो और एक्शन प्लान निर्धारित समय सीमा के भीतर जिला को उपलब्ध कराना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी से पहले सभी प्रखंडों से प्राप्त एक्शन प्लान को संकलित कर राज्य स्तर को भेजा जाएगा।
वीडीसीओ आरती कुमारी ने बताया कि राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत आगामी 10 फरवरी से जिले के सभी प्रखंडों में सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) कार्यक्रम शुरू होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों को समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया।
पिरामल स्वास्थ्य के पीएलसीडी विजय कुमार ने कार्यशाला में पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से आईआईएचपी पोर्टल अपडेट, एमएमडीपी क्लीनिक और किट वितरण स्टेटस, एनबीएस डाटा, एमडीए टाइमलाइन, एमडीए एक्शन और माइक्रो प्लान, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और कालाजार कार्यक्रम के अंतर्गत आरके 39 कीट स्टेटस एवं डोजियर प्रिपरेशन की विस्तृत जानकारी दी।
वहीं, वीडीसीओ कृति कुमारी ने जिला के विभिन्न प्रखंडों में कालाजार वीएल और पीकेडीएल पेशेंट की लाइन लिस्ट, ट्रिटमेंट हिस्ट्री और आरके 39 कीट स्टेटस से संबंधित डाटा जल्द से जल्द अपडेट करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में कालाजार डोजियर तैयार किया जाएगा। इसके तहत पीरपैंती प्रखंड को कालाजार डोजियर अवॉर्ड के लिए चयनित किया गया है।

































