कोसी – मेची लिंक परियोजना भविष्य में क्षेत्र के जल संसाधन प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण व सिंचाई सुविधा में मिलेगा लाभ- डीएम

वीरपुर में प्रस्तावित कोसी – मेची लिंक
परियोजना का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले के बीरपुर क्षेत्र में प्रस्तावित कोसी–मेची लिंक परियोजना से संबंधित विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने किया। निरीक्षण का उद्देश्य प्रस्तावित परियोजना के लिए स्थल की भौगोलिक, तकनीकी एवं प्रशासनिक उपयुक्तता का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रस्तावित चैनल मार्ग, तटबंध क्षेत्र तथा जल प्रवाह से संबंधित संभावित संरचनात्मक स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं एवं विभागीय अधिकारियों से प्रस्तावित परियोजना की रूपरेखा, संभावित लाभ, तकनीकी चुनौतियों एवं आवश्यक पूर्व-तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी द्वारा परियोजना से जुड़े प्रस्तावित पंप हाउस ,जल संरचना स्थल का भी निरीक्षण किया गय। जहां जल स्तर, मौजूदा संरचनाओं एवं आसपास के क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करते समय स्थल की भौतिक स्थिति, बाढ़ जोखिम, पर्यावरणीय पहलुओं एवं स्थानीय आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि प्रस्तावित कोसी–मेची लिंक परियोजना भविष्य में क्षेत्र के जल संसाधन प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण एवं सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक सर्वेक्षण, तकनीकी अध्ययन एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुश्री सारा अशरफ, एसडीएम वीरपुर नीरज कुमार, जल संसाधन विभाग, जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, अभियंता, तकनीकी विशेषज्ञ, सुरक्षा बलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।