मनचाहा स्कूल में स्थानांतरण के लिए किसी के झांसे में नहीं आएं शिक्षक : डीपीओ

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को मनचाहा स्कूल में स्थानांतरण के लिए किसी के झांसे में नहीं आने की हिदायत दी है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना (डीपीओ) आलोक शेखर ने शनिवार को पत्र जारी कर कहा है कि जिला स्थानान्तरण के मामले में लगातार शरारती तत्व मनचाहा स्थानांतरण, प्रखंड और स्कूल आवंटन के लिए शिक्षकों को झांसा देने की सूचना मिल रही है। इसके अलावा कार्यालय में भी स्थानानारण संबंधित आग्रह मिल रहे हैं। उन्होंने जारी पत्र में कहा है कि स्थानांतरण की प्रक्रिया पूर्णतः कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर (ई-रिक्षाकोष) के माध्यम से की जा रही है। इसमें शिक्षकों के पहचान से संबंधित सभी जानकारी को विभाग में गोपनीय रखा गया है। यह स्थानांतरण की प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता के लिए किया गया है। उन्होंने आदेश जारी करते हुए कहा है कि ऐसे शरारती तत्वों के बहकावे में शिक्षक नहीं आएं। उन्होंने शिक्षको को स्थानांतरण के लिए प्रखंड आवंटन और स्कूल आवंटन संबंधी कयासों में अपना व कार्यालय का समय व्यर्थ में बर्बाद नहीं करने की चेतावनी दी है। दरअसल, बड़ी संख्या ऐसे शिक्षक हैं, जो जिला, प्रखंड और मनचाहा स्कूल में स्थानांतरण चाहते हैं। इसके लिए वे जिला शिक्षा कार्यालय का लगातार चक्कर लगा रहे हैं। अवसर का फायदा उठाने के लिए मनचाहा स्थानांतरण दिलाने वाले गिरोह सक्रिय भी हो गया है। जबकि विभाग कई बार स्पष्ट कर चुका है कि स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया सॉफ्टवेयर (ई शिक्षाकोश) के माध्यम से हो रहा है। इसके बावजूद स्थानांतरण चाहने वाले शिक्षकों को लगता है कि अनुरोध और पैसा-पैरवी से उन्हें मनचाहा स्कूल आवंटित हो जाएगा। यही वजह है विभाग ने पत्र जारी कर शिक्षकों को झांसे में नहीं आने के लिए कहा है।