न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
विश्वविद्यालय क्षेत्र स्थित राजकीय अनुसूचित जनजाति कल्याण छात्रावास संख्या-3 में शुक्रवार की शाम मेस में नई रोटी मेकिंग मशीन का विधिवत उद्घाटन किया गया। छात्रावास अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार दिनकर ने नारियल फोड़कर मशीन का शुभारंभ किया। मौके पर मशीन की पूजा-अर्चना भी की गई।
अधीक्षक डॉ. दिनकर ने बताया कि पहले मेस में रसोइया तवे पर मैन्युअली रोटियां बनाती थीं, जिससे प्रतिदिन 400 से अधिक रोटियां तैयार करने में काफी समय और मेहनत लगती थी। छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कल्याण विभाग द्वारा आधुनिक रोटी मेकिंग मशीन उपलब्ध कराई गई है। नई मशीन से अब एक साथ बड़ी संख्या में रोटियां आसानी से तैयार हो जा रही हैं, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होगी। इस नई व्यवस्था से छात्र काफी खुश हैं और उन्होंने अधीक्षक सहित जिला कल्याण पदाधिकारी के प्रति आभार जताया है।
उद्घाटन के दौरान मेस की रसोइया अर्चना देवी, छात्र नीतीश कुमार, बाबू लाल मरांडी, रोहन कुमार, मंगल कुमार सहित कई छात्र मौजूद थे।
इसके बाद छात्रावास अधीक्षक ने हॉस्टल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मेस व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अधीक्षक ने बताया कि हॉस्टल में छात्रों के लिए आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में प्रतिदिन 80 से अधिक छात्र मेस में भोजन कर रहे हैं।

































