- सख्त आदेश: भागलपुर में अब अनियमित यातायात बर्दाश्त नहीं — डीएम ने अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी
न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर अधिकारियों की कड़ी क्लास ली। नगर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, विद्युत विभाग, खनन विभाग सहित कई विभागों के अधिकारियों को टास्क दिया गया।
टोटो स्टैंड में अव्यवस्था पर डीएम सख्त — जीरो माइल पर औचक जांच का आदेश
हाल में हुई बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की समीक्षा से हुई। नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहर में टोटो–ऑटो स्टैंड चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन जीरो माइल चौक पर टोटो का अनियमित ठहराव जाम का कारण बना हुआ है।
डीएम ने इसे निर्देशों की अवहेलना बताते हुए ट्रैफिक डीएसपी को औचक जांच, दंडात्मक कार्रवाई और रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। लापरवाही पर सख्त अनुशासनिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
सबौर चौक का अवैध स्टैंड हटेगा — मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सबौर चौक के पास अवैध स्टैंड की वजह से लगातार जाम लगता है। नगर आयुक्त ने इसे अवैध ठहराते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीएम ने सख्त निरीक्षण और अवैध ठहराव पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
विक्रमशिला पुल पर विशेष निगरानी — ICCC कैमरों से मॉनिटरिंग
डीएम ने आदेश दिया कि विक्रमशिला पुल पर तैनात पुलिस बल की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।
नगर पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया गया कि ICCC कैमरों के जरिए पुल और प्रमुख चौक–चौराहों पर लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी परिस्थिति में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उल्टा पुल पर टोटो से जाम — स्टैटिक पुलिस तैनाती के निर्देश
निरीक्षण में पाया गया कि उल्टा पुल पर टोटो के कारण अक्सर जाम लगता है। डीएम ने स्टैटिक पुलिस बल तैनात करने और टोटो परिचालन को नियंत्रित करने का आदेश दिया।
तिलकामांझी–हटिया रोड की हालत खराब — शीघ्र मरम्मत का आदेश
तिलकामांझी चौक से हटिया रोड की जर्जर हालत पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने नगर आयुक्त को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
साथ ही टोटो परिचालन हेतु Exclusive Lane, दिशा–सूचक बोर्ड, पेंटिंग और अवैध होर्डिंग हटाकर अधिकृत होर्डिंग लगाने का भी आदेश दिया।
14 दिसंबर से नए बस स्टैंड से बसों का परिचालन
डीएम ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि रिक्साडीह स्थित नए बस स्टैंड को 13 दिसंबर तक पूरी तरह तैयार कर लिया जाए ताकि 14 दिसंबर से बस संचालन वहीं से शुरू हो सके। इसकी मॉनिटरिंग उप विकास आयुक्त करेंगे।
नवगछिया में ट्रॉली और क्रेन की व्यवस्था
नवगछिया के जहान्वी चौक पर यातायात नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की क्रेन के साथ ट्रॉली रखने का निर्देश दिया गया, जिससे वाहनों को बैचवाइज निकाला जा सके।
NH किनारे ढाबों पर सख्ती — बिना पार्किंग वाले ढाबे हटेंगे
राष्ट्रीय उच्च पथ पर ढाबों और लाइन होटलों के कारण भारी वाहनों के रुकने से जाम की समस्या बढ़ रही है।
डीएम ने निर्देश दिया कि—ढाबों को ऐसी जगह स्थानांतरित किया जाए जहाँ पर्याप्त पार्किंग हो
सड़क पर जाम की स्थिति बिल्कुल न बने।
बाबुपुर मोड़ और विक्रमशिला पुल पर क्रेन–लाइट की व्यवस्था
जीरो माइल–सबौर–कहलगांव मार्ग निर्माण पूरा होने तक बाबुपुर मोड़ पर क्रेन तैनात रखने का निर्देश दिया गया। विक्रमशिला पुल पर कई लाइटों के खराब होने पर डीएम ने अभियंताओं को आदेश दिया कि सभी खराब लाइटों की मरम्मत या नई लाइट लगाई जाए।

































