बिना ड्रेस के स्कूल आए छात्रों को देख डीईओ ने जताई नाराजगी, एचएम को कार्रवाई की दी चेतावनी

जिले के स्कूल में पठन-पाठन में सुधार के लिए विभागीय पदाधिकारी कर रहे हैं निरीक्षण

कहीं बिना स्कूल ड्रेस के पहुंच रहे हैं छात्र, किसी स्कूल में साफ-सफाई की कमी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने पिपरा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय कोरियानी, मध्य विद्यालय तुलापट्टी, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय तुलापट्टी, मध्य विद्यालय रामनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने बिना स्कूल ड्रेस के आए छात्र-छात्राओं को देख नाराजगी जताई। साफ-सफाई सहित अन्य कमी के लिए एचएम को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। दरअसल प्राथमिक विद्यालय कोरियानी में अधिकतर बिना स्कूल ड्रेस व पोशाक के थे। स्कूल परिसर में चापाकल के आसपास साफ-सफाई की कमी देखी गई। वहीं एडीएम भी तय समय से तैयार नहीं किया गया था। उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय तुलापट्टी में प्रीफेब क्लास का छत और दीवार क्षतिग्रस्त पाया गया। स्कूल के अव्यवस्था पर एचएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को संतोषजनक जवाब नहीं दिया। हालांकि मध्य विद्यालय रामनगर में एमडीएम गुणवत्तापूर्ण पाया गया। हालांकि कुछ छात्र-छात्राएं दरी पर बैठकर भोजन नहीं कर छिटपुट भोजन कर रहे थे। डीईओ ने एचएम को दरी की कमी को जल्द दूर करने के लिए कहा है।

स्कूल में छात्र-छात्राओं की कम उपस्थिति बनी चुनौती :

जिले के स्कूलों में छात्र-छात्राओं की कम उपस्थिति शिक्षा विभाग वरीय पदाधिकारी के साथ शिक्षकों के लिए चुनौती है। विभागीय पदाधिकारी के निरीक्षण में स्कूलों में नामांकित छात्र-छात्राओं की तुलना में कम उपस्थिति मिल रही है। जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह ने बताया कि सरकारी स्कूल में पठन-पाठन की बेहतर व्यवस्था है। स्कूलों में सभी मूलभूत सुविधाएं हैं। कहीं कमी है तो उसे पूरा किया जा रहा। उन्होंने कहा कि स्कूल में पठन-पाठन का बेहतर माहौल तैयार करने के लिए शिक्षकों को काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रखंड के शिक्षा पदाधिकारी को स्कूल का प्रतिदिन निरीक्षण और अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभागीय आदेश की अनदेखी करने वाले एचएम और शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।