घने कोहरे से बाइक डिवाइडर से टकराया,चालक गंभीर रूप से घायल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के हुलास- राघोपुर मार्ग पर गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे घने कोहरे के कारण एक बाइक नहर के डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायल चालक को रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार, घायल चालक का दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया है। घायल की पहचान त्रिवेणीगंज के जरैला वार्ड 9 निवासी भूपेंद्र मंडल के 22 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि दीपक कुमार त्रिवेणीगंज जरैला से सिमराही अपने पिता को लेने आ रहे थे, तभी घने कोहरे के कारण यह हादसा हुआ।
इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने जानकारी दी कि आवेदन मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।