न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सदर प्रखंड के हरदी दुर्गा स्थान में आयोजित वीर लोरिक महोत्सव में मंगलवार की रात कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक कृष्ण चंद्रवंशी और लोक गायिका अपूर्वा प्रियदर्शी ने एक से बढ़कर एक लोकगीत प्रस्तुत कर माहौल को लोक-संगीतमय बना दिया।
शाम के मुख्य आकर्षण रहे लोकगायक कृष्ण चंद्रवंशी ने वीर लोरिक की परंपरा, शौर्य और ग्रामीण लोक संस्कृति पर आधारित गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी मधुर आवाज़ और ऊर्जावान प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके हर गीत पर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा पंडाल गूंज उठा।इसके बाद मंच संभाला प्रसिद्ध लोकगायिका अपूर्वा प्रियदर्शी ने। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज़ और भावपूर्ण अंदाज़ में ऐसे लोकगीत प्रस्तुत किए कि दर्शक झूमने पर मजबूर हो उठे। वीर लोरिक की परंपरा और क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत पर आधारित उनके गीतों ने पूरे वातावरण को भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा और कलाकारों की मनभावन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को लगातार बांधे रखा। महोत्सव के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों और उत्साह से कलाकारों का भरपूर उत्साहवर्धन किया।



























