बिहार के सांसदों के साथ प्रधानमंत्री से मिले भागलपुर सांसद अजय मंडल, विकास की नई संभावनाओं पर सौंपा विस्तृत प्रस्ताव

प्रदीप विद्रोही, भागलपुर

बिहार के विकास एजेंडे को रफ्तार देने के उद्देश्य से भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने सोमवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बिहार के अन्य सांसद भी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे। सांसद मंडल ने प्रधानमंत्री को बिहार में हालिया राजनीतिक विजय पर बधाई देते हुए कहा कि ‘यह जनादेश विकास की निरंतरता और जनता के विश्वास का प्रतीक है।’

मुलाकात के दौरान सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े कई रणनीतिक और जनहितकारी मुद्दों को प्रधानमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा और इसके लिए एक विस्तृत मांगपत्र भी सौंपा। इस पत्र में शिक्षा, रेल, स्वास्थ्य, जल संसाधन, सांस्कृतिक धरोहर और बाढ़ प्रबंधन जैसे क्षेत्रों से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांगें शामिल हैं।

विक्रमशिला विश्वविद्यालय: पूर्वी भारत की शिक्षा का ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’

सांसद मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री पैकेज के अंतर्गत स्वीकृत विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण अब तक शुरू न होना पूरे क्षेत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने इसे ‘पूर्वी भारत की उच्च शिक्षा का आधार स्तंभ’ बताते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।

बिहार के तटबंधों की सुरक्षा – बाढ़ पर स्थायी प्रहार की कोशिश

सांसद ने 238.49 करोड़ रुपये की लागत वाली जान्हवी चौक–बिंदटोल तटबंध परियोजना को अत्यावश्यक बताते हुए केंद्र से शीघ्र स्वीकृति की अपील की। कहा कि इससे हर वर्ष गंगा और कोशी के कटाव व बाढ़ से होने वाली तबाही पर काफी हद तक रोक लग सकेगी। इसी क्रम में सांसद ने ‘गंगा एवं कोशी तट संरक्षण एवं विकास प्राधिकरण’ बनाने का सुझाव भी दिया ताकि कटाव समस्या का स्थायी समाधान तैयार हो सके।

बाबा अनंत दास महाराज को पद्मश्री की अनुशंसा

भागलपुर की आध्यात्मिक विरासत को सम्मान दिलाने के उद्देश्य से सांसद ने महान संत स्व. बाबा अनंत दास महाराज को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान देने और शहर में उनके नाम पर स्मारक निर्माण की भी मांग की।

रेल सुविधाओं पर विशेष ज़ोर – नया डिवीजन, नई ट्रेनें, अधिक कोच

भागलपुर और आसपास के जिलों की बढ़ती रेल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सांसद ने प्रधानमंत्री के समक्ष कई अहम मुद्दे रखे – भागलपुर में नया रेल डिवीजन स्थापित करने की मांग, जिसे पहले घोषित किए जाने के बावजूद अभी तक अमल में नहीं लाया गया।

क्षेत्र के सभी प्रमुख स्टेशनों पर नई ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव के तहत अत्यधिक भीड़भाड़ वाली ट्रेनों – भागलपुर – मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस, भागलपुर – बेंगलुरु अंग एक्सप्रेस, भागलपुर – जम्मू तवी अमरनाथ एक्सप्रेस, भागलपुर – सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अतिरिक्त जनरल कोच जोड़ने का अनुरोध किया।

ईएसआई अस्पताल: वर्षों से लंबित परियोजना को गति देने की मांग

सांसद ने भागलपुर में घोषित ईएसआई अस्पताल का निर्माण अब तक शुरू नहीं होने पर गंभीर चिंता जताई और कहा कि इस अस्पताल के बनने से लाखों श्रमिक परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

‘जनता की अपेक्षाएं ही मेरी प्राथमिकता’ – सांसद

प्रधानमंत्री को सौंपे पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा, ‘ये सभी मुद्दे सीधे जनता के हित और क्षेत्र के विकास से जुड़े हैं। मुझे भरोसा है कि प्रधानमंत्री इन पर सकारात्मक निर्णय लेकर भागलपुर को नई दिशा देंगे।’ प्रधानमंत्री के साथ हुई इस मुलाकात को भागलपुर के विकास एजेंडे को नई ऊर्जा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब क्षेत्र की निगाहें केंद्र सरकार के आगामी निर्णयों पर टिकी हैं।