न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत वार्ड 11 स्थित रामपुर गांव में रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे लगी भीषण आग में दो परिवार के तीन घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। हादसे में एक बकरी जिंदा जल गई, जबकि एक अन्य बकरी झुलसकर घायल हो गई। गृहस्वामी मो. इदरीस सहित दो लोग भी झुलसे। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पीड़ित मो. इदरीस की पत्नी मरियम खातून ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे उन्होंने अचानक घर के बाहर तेज रोशनी देखी। बाहर निकलने पर पता चला कि घर में आग तेजी से फैल रही है। उन्होंने अपने पति को जगाने की कोशिश की, लेकिन बहरेपन के कारण वे सुन नहीं पाए। कुछ देर बाद इदरीस जागे और किसी तरह बाहर निकले, लेकिन तब तक उनके दोनों हाथ झुलस चुके थे। मरियम खातून के अनुसार आग इतनी विकराल थी कि वे घर में बंधी बकरी को नहीं खोल पाईं। इससे एक बकरी जलकर मर गई, जबकि दूसरी बकरी रस्सी जलने के बाद बाहर निकल पाई। आग में करीब दो लाख रुपये मूल्य का अनाज, कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। उनके पुत्र का भी एक घर और उसमें रखा सारा सामान भी राख हो गया। दूसरे गृहस्वामी मो. शाहनवाज ने बताया कि उनका एक घर सहित सभी घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि सही समय पर नियंत्रण नहीं होने पर बड़ी अनहोनी हो सकती थी। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तीनों घर जलने के बाद ही आग शांत हो सकी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राघोपुर प्रखंड में दमकल वाहन नहीं होने के कारण आग लगते ही राहत कार्य समय पर नहीं हो पाता। लोगों ने कहा कि फोन करने के बावजूद दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे नुकसान बढ़ गया।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से राघोपुर प्रखंड मुख्यालय में फायर ब्रिगेड की स्थायी तैनाती की मांग की, ताकि अग्निकांड की स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जा सके। घटना की सूचना पर सोमवार सुबह वार्ड पार्षद धीरेंद्र राम, सागर यादव सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
इस बावत राघोपुर सीओ रश्मि प्रिया ने बताई की घटना की जानकारी मिली है, राजस्व कर्मचारी को घटना स्थल पर भेजा गया है। बताई की आवेदन प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
































