भागलपुर रंग महोत्सव 20–22 दिसंबर को: ठहरने से प्रस्तुति तक सभी तैयारियों की हुई समीक्षा

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
रंगकर्म, लोककला और राष्ट्रीय एकता को समर्पित रंगग्राम जन सांस्कृतिक मंच, भागलपुर द्वारा आगामी 20 से 22 दिसंबर 2025 तक कला केंद्र, लाजपत पार्क में आयोजित होने वाले भागलपुर रंग महोत्सव 2025 की तैयारियाँ तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में रविवार को SMS जूनियर स्कूल, बूढ़ानाथ चौक स्थित प्रांगण में आयोजन समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरीय सदस्य कौशल किशोर सिंह ने की।
बैठक में महोत्सव को सफल बनाने हेतु विभिन्न तैयारी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए कई उप-समितियों का गठन किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि कलाकारों के आवासन एवं भोजन की व्यवस्था डॉ. आर.पी. रोड स्थित डोकानियां धर्मशाला में की गई है। विभिन्न राज्यों से आने वाले कलाकारों का स्वागत रेलवे स्टेशन से ही विशेष टीम द्वारा किया जाएगा, जो उन्हें सीधे ठहराव स्थल तक पहुँचाएगी।
समिति ने यह भी निर्णय लिया कि स्थानीय तथा बाहर से आने वाले कलाकारों की प्रस्तुति का समय अलग-अलग निर्धारित किया जाएगा, जिसकी विस्तृत सूची जल्द जारी की जाएगी। इस बार दर्शक दीर्घा की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि दर्शकों को उत्कृष्ट अनुभव मिल सके।
अध्यक्ष कौशल किशोर सिंह ने सभी सदस्यों एवं शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि “भागलपुर की सांस्कृतिक गरिमा को नई ऊँचाई देने वाले इस महोत्सव की सफलता के लिए सभी लोग अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करें, ताकि यह आयोजन विगत वर्षों की तरह इस बार भी भव्य रूप से संपन्न हो।”
बैठक में अंकित कुमार सिंह, रामदेव सिंह, श्रीप्रकाश चौधरी, तरुण घोष, सुमन सोनी, विकास कुमार, मनीष कुमार, त्रिलोकी नाथ दिवाकर, मनीष यादव, उषा सिन्हा, पंकज कुमार सिंह, महबूब आलम, तरुण किरण, तकी अहमद जावेद, पंकज मरवा, डॉ. दिनेश रंजन, डॉ. जयंत जलद, मृदुला सिंह, अरविंद आनंद, राजेश कुमार झा, दीपक कुमार, विनोद रंजन, मधु कुमारी, संजीव कुमार दीपू, हरेंद्र कुमार, धीरज शर्मा सहित अन्य कई सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन कार्यक्रम निदेशक कपिल देव रंग ने किया।