न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
पैसे के लेन-देन को लेकर हुई इंद्रदेव यादव उर्फ बब्लू यादव की हत्या के मामले में भभुआ थाना पुलिस ने एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार को एसडीपीओ मनोरंजन भारती भभुआ मनोरंजन भारती ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि भभुआ शहर के चकबंदी रोड स्थित एक मकान में बीते दिनों एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका पाया गया था। मृतक की पहचान वार्ड नं. 10 निवासी इंद्रदेव यादव उर्फ बब्लू यादव के रूप में हुई थी। परिजनों के आवेदन के आधार पर चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
लेन–देन के विवाद में हत्या की पुष्टि
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि मृतक का एक युवक कृष्णा यादव, निवासी अधौरा, से पैसे का लेन–देन का विवाद था। इसी विवाद को लेकर इंद्रदेव यादव की फंदे से लटका कर हत्या की गई थी। जांच में कृष्णा यादव की संलिप्तता स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी छानबीन की जा रही है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बाकी आरोपी अब भी फरार
नामजद अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए भभुआ थाना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि मामले से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई भभुआ थाना प्रभारी मुकेश कुमार एवं उनकी टीम द्वारा की गई है।
































