न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिला मुख्यालय स्थित सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में शीतकालीन आनंदोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास, सांस्कृतिक गरिमा और अद्भुत भव्यता के साथ मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, उल्लास और तालियों की गूंज पूरे दिन बनी रही। रंग–बिरंगी रोशनी और सजे मंच ने समारोह को विशेष आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट–गाइड दल द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुआ। तत्पश्चात पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन कर अभिषेक मिश्रा, ए.डी.जे, राम चंद्र प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, सच्चिदानंद सुमन अपर समाहर्ता, राघवेंद्र झा,राघव, मुख्य पार्षद, नगर परिषद, प्रसिद्ध हास्य सम्राट शंभु शिखर, रंधीर कुमार,रीजनल डायरेक्टर, सेंट जेवियर्स ग्रूप सतीश कुमार, डायरेक्टर,सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, दिवेश कुमार,प्रबंध समिति सदस्य, नवीन कुमार ठाकुर, विद्यालय भूमि दाता, भरत कुमार झा, प्रिय रंजन, राहुल आनंद, प्रबंधक, विश्वास चंद्र मिश्रा, प्रशासक, सर्वेश कुमार तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके बाद विद्यालय के प्रशासक विश्वासचन्द्र मिश्रा ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा सभी अभिभावकों और आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
रीजनल डायरेक्टर रंधीर कुमार ने अपने संबोधन में सभी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों तथा सभी कर्मचारियों के प्रति शुभकामना के साथ साथ विद्यालय परिवार के उत्तरोत्तर विकास की मंगल कामना भी व्यक्त की।
छात्रों द्वारा लगातार एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। नृत्य, गीत, नाटक, लोक-संस्कृति, नृत्य-नाटिका एवं आधुनिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर प्रस्तुति के बाद गूंजती तालियों और उत्साह ने पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर दी।
इसके बाद सुप्रसिद्ध हास्य कवि शंभु शिखर का काव्य पाठ आरंभ किया गया। उनके व्यंग्य, चुटीले अंदाज़ और त्वरित हास्य-प्रस्तुतियों ने दर्शकों को हँसी और ठहाकों से सराबोर कर दिया। उल्लेखनीय है कि प्रख्यात हास्य कवि शंभु शिखर ने जेवियर्स के इसी भव्य मंच से वर्ष 2022 में भी अपने काव्य वाचन से हास्य रस को आनंद के शिखर पर पहुंचा कर सुपौल वासियों का दिल जीत चुके हैं । इस वर्ष भी उनकी काव्य प्रस्तुति ने समारोह में चार चांद लगाते हुए एक अलग पहचान एवं विशेष ऊँचाई प्रदान की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सर्वेश कुमार तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया और सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा आयोजन समिति के सदस्यों का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।
विद्यालय प्रबंधक राहुल आनंद ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता और सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा तब ही सार्थक होती है जब छात्रों को अपनी प्रतिभा मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त हो।
पूरे कार्यक्रम की अनुशासन, व्यवस्था, आकर्षण एवं सफल संचालन की उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने भरपूर प्रशंसा की।
सेंट जेवियर्स हाई स्कूल का यह शीतकालीन आनंदोत्सव सुपौल की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपरा में एक अत्यंतत सफल और अविस्मरणीय आयोजन के रूप में याद रखा जाएगा।
































