न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ मरौना
जिले के मरौना प्रखंड के नदी थाना क्षेत्र के ललमनिया पंचायत स्थित लालपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक 21 वर्षीय नवविवाहिता का गला रेता शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लालपुर निवासी गुमानी मंडल की पुत्री रंजू देवी(21वर्षीय) के रूप में हुई है, जिसके गले पर गहरे कटाव के निशान स्पष्ट रूप से हत्या की ओर इशारा करते हैं।
परिजनों के अनुसार मृतका रंजू देवी गुरुवार शाम करीब चार बजे मवेशियों के लिए घास काटने बांसबाड़ी की ओर गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। चिंता बढ़ने पर परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की संयुक्त तलाश के दौरान गांव से लगभग 500 मीटर दूर एक बांसबाड़ी में उसका रक्तरंजित शव बरामद हुआ। मौके से घास काटने में उपयोग होने वाला छिटा और कचिया भी मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
मृतका के परिजनों ने बताया कि रंजू की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व मधुबनी जिले के दैता टोल के सिन्दूरपुरा गांव में हुई थी। उसके पति मजदूरी के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं, जिसके कारण वह पिछले कुछ महीनों से मायके में ही रह रही थी। परिवार इस घटना से सदमे में है और पूरे गांव में मातम छा गया है।
सूचना मिलते ही नदी थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने तत्काल पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और फॉरेंसिक जांच एफएसएल टीम के लिए नमूने एकत्रित किए । वही थानाध्यक्ष ने बताया कि यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों वाला है और हत्या की कई संभावित कोणों से जांच की जा रही है। महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने ऐसी वारदातों पर गहरी चिंता जताई है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही घटना के रहस्य से पर्दा उठाया जाएगा।

































