- विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद , उनकी पढ़ाई ,परीक्षा की तैयारी और शिक्षकों की उपलब्धता व विद्यालय के वातावरण की ली जानकारी
- विद्यालय में खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने का निर्देश
- निदेशक ने शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार का दिया निर्देश
न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार के निदेशक श्याम बिहारी मीणा ने शुक्रवार को डॉ. भीम राव अम्बेडकर बालिका आवासीय उच्च विद्यालय, पिपरा का निरीक्षण किया ।
निरीक्षण के दौरान निदेशक मीणा ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रावास व्यवस्था, भोजनालय, स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, परीक्षा तैयारी, शिक्षकों की उपलब्धता एवं विद्यालयी वातावरण से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
निदेशक ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि विद्यालय में खेल कूद गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाय एवं साथ ही शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।
विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उपस्थिति, अध्यापन-कार्य तथा शिक्षण प्रणाली को और सुदृढ़ किया जाए।
अविलंब आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य पूरे किए जाएँ।
विद्यालय के शिक्षकों एवं अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक कल्याण कोशी प्रमंडल सहरसा, जिला कल्याण पदाधिकारी एवं अन्य स्थानीय पदाधिकारी एवं विद्यालय के सभी संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।

































