परसरमा एनएच-106 पर बाइक-ट्रैक्टर की टक्कर राघोपुर में युवक गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/राघोपुर

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के परसरमा चौक स्थित एनएच-106 पर गुरुवार शाम करीब 6 बजे बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक सिमराही बाजार से करजाइन की ओर जा रहा था, जबकि ट्रैक्टर करजाइन से सिमराही की तरफ आ रहा था। परसरमा चौक के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई।
घायल युवक की पहचान करजाइन थाना क्षेत्र की हरिराहा पंचायत के वार्ड 11 निवासी बिंदेश्वरी दास के 30 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है।
रेफरल अस्पताल राघोपुर में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर राहुल झा और स्वास्थ्य कर्मियों ने संतोष कुमार को प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए, उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉक्टर राहुल झा ने बताया कि युवक की गर्दन में दाहिनी ओर गहरा कट लगा है और जीभ पर भी चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।