- गोराडीह औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि मूल्य निर्धारण में तेजी, जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में दिए गए कई अहम निर्देश
मदन, भागलपुर
गोराडीह औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए भूमि मूल्य निर्धारण में तेजी आई है। जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में कई अहम निर्देश दिए गए। जिला मूल्यांकन समिति की महत्वपूर्ण बैठक अपर समाहर्ता भागलपुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गोराडीह अंचल के मौजा मोहनपुर स्थित 96.89 एकड़ भूमि के एम.वी.आर. (Minimum Value Register) के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर विस्तार से समीक्षा की गई।
अपर समाहर्ता ने बताया कि उद्योग विभाग को औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए हस्तांतरित इस भूमि के अद्यतन मूल्यांकन के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना के पत्र के आधार पर जिलाधिकारी भागलपुर द्वारा जिला मूल्यांकन समिति का गठन किया गया है।
पांच वर्ष में हुए उच्चतम दर के दस्तावेज मांगे गए
जिला अवर निबंधक को निर्देश दिया गया कि मौजा–मोहनपुर में पिछले पांच वर्षों के भीतर हुए उच्चतम मूल्य वाले कम-से-कम पाँच हस्तांतरण से संबंधित दस्तावेजों का औसत मूल्य उपलब्ध कराएं।
अवर निबंधक ने अपने प्रतिवेदन में बताया कि दिसंबर 2024 से अब तक इस मौजा से केवल दो ही दस्तावेज वाणिज्यिक श्रेणी में निष्पादित हुए हैं। साथ ही यह भी कहा कि भूमि के सभी किस्मों का वास्तविक मूल्यांकन स्थल निरीक्षण के आधार पर ही संभव है।
अंचल अधिकारी को तीन दिनों में रिपोर्ट देने का आदेश
बैठक में पाया गया कि अंचल अधिकारी, गोराडीह द्वारा संबंधित स्थल निरीक्षण प्रतिवेदन अब तक उपलब्ध नहीं कराया गया है। इस पर अपर समाहर्ता ने गंभीरता दिखाते हुए निर्देश दिया कि अंचल अधिकारी स्वयं स्थल निरीक्षण कर भूमि की प्रत्येक श्रेणी का विस्तृत मूल्यांकन रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर समिति को उपलब्ध कराएं।
सभी अधिकारियों को सहयोग करने के निर्देश
एम.वी.आर. पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के लिए भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला अवर निबंधक तथा अंचल अधिकारी को परस्पर समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन देते रहने को कहा गया।
बैठक में समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। प्रशासन का दावा है कि औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि मूल्य निर्धारण प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा, जिससे आगामी विकासात्मक कार्यों को गति मिल सके।
अंचल अधिकारी को भूमि विवरण समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश
जिला उद्योग केंद्र, भागलपुर ने गोराडीह अंचल में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र के लिए 13.35 एकड़ रैयती भूमि के अधिग्रहण को आगे बढ़ाते हुए आवश्यक दस्तावेजों की मांग की है। इस संबंध में अंचल अधिकारी गोराडीह को पत्र जारी कर भूमि का पूरी तरह से विवरण विहित प्रपत्र में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश अपर समाहर्ता भागलपुर के पत्र के आलोक में जारी किया गया है, जिसमें जिले में औद्योगिक विकास के लिए चयनित भूमि की प्रक्रिया को गति देने पर बल दिया गया है।
सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (SIA) के लिए आवश्यक दस्तावेज
जिला उद्योग केंद्र ने स्पष्ट किया कि अधिग्रहण प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (Social Impact Assessment) के लिए प्रतिवेदन भेजना आवश्यक है। इसके लिए 13.35 एकड़ भूमि का संपूर्ण विवरण, किस्मवार जानकारी, रकबा और अन्य आवश्यक तथ्य अंचल स्तर से भेजे जाने हैं।
निर्देश में कहा गया है कि भूमि विवरण उपलब्ध होने के बाद औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए अधिग्रहण प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, जिससे गोराडीह में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

































