न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
रंगकर्म, लोककला और राष्ट्रीय एकता को समर्पित जन सांस्कृतिक मंच रंगग्राम द्वारा आयोजित भागलपुर रंग महोत्सव 2025 की तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। महोत्सव 20 से 22 दिसंबर 2025 तक कला केंद्र, लाजपत पार्क में आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में कला केंद्र परिसर में आयोजन समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता डॉ. योगेन्द्र ने की।
बैठक में इस वर्ष की रंग महोत्सव विवरणिका का लोकार्पण किया गया। समिति ने बताया कि इस बार शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कलाकारों को तीनों दिन मंचीय प्रस्तुतियों के साथ-साथ रंग-जुलूस में भी शामिल किया जाएगा। आयोजन समिति ने अपसंस्कृति के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को जन-सहयोग का आंदोलन बताते हुए कहा कि नौ राज्यों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के साथ भाग लेने की तैयारी में हैं।
समिति सदस्यों ने उम्मीद जताई कि जनभागीदारी के बल पर यह सांस्कृतिक महोत्सव और अधिक प्रभावी और सफल होगा। महोत्सव में दर्शकों के प्रवेश निशुल्क रहेगा।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. योगेन्द्र ने कहा कि यह महोत्सव 2012 से निरंतर आयोजित हो रहा है और वर्ष में एक बार आयोजित होने वाला यह साहित्यिक-सांस्कृतिक पर्व दर्शकों को विशेष प्रकार के रसास्वादन का अवसर देता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विभिन्न भारतीय भाषाओं में सामाजिक सरोकार से जुड़े नाटकों का मंचन होगा, जिसका गवाह भागलपुर बनेगा। उन्होंने पूर्व की तरह सभी से सहयोग की अपील की।
बैठक में महबूब आलम, जयंत जलद, मृदुला सिंह, सीतांशु अरुण, उमा घोष, अलका सिंह, देवाशीष बनर्जी, तरुण किरण, सार्थक भारत, मो. तकी अहमद जावेद, अरविंद कुमार बिट्टू, गौतम कुमार, निपुण कुमार, सत्येन भास्कर, राजेश कुमार झा, निखिल पाण्डेय, नीना प्रसाद, उदय चटर्जी, सुनील कुमार रंग, पंकज सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन कार्यक्रम निदेशक कपिल देव रंग ने किया।

































