न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, धनबाद, झारखंड
वीर अब्दुल हमीद फाउंडेशन और इदरिसीया दर्ज़ी फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में धनबाद के झरिया क्षेत्र में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन कार्यालय का उद्घाटन, कंबल वितरण, वीर अब्दुल हमीद सम्मान समारोह एवं दर्ज़ी अधिकार सम्मेलन एक साथ आयोजित किया गया। दर्ज़ी समुदाय, सामाजिक संगठनों, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की भारी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत झरिया स्थित फूस बंगला आवास में बने फाउंडेशन कार्यालय के उद्घाटन से हुई, जिसका शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष अली इमाम भारती ने किया। इस अवसर पर सैकड़ों जरूरतमंदों को कंबल वितरण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहनीय बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों में धनबाद जिला अध्यक्ष शमीम शाह, प्रदेश महासचिव मो. शाहिद, जिला संगठन सचिव हलंदर महतो, जिला सचिव मो. फैयाज अंसारी, मो. हैदर, दिलीप जी सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शहजादी खातून, प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा कुमारी, जिला अध्यक्ष अनिता देवी, पदाधिकारी कैसर जहां आदि ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को बुके भेंट कर स्वागत किया।

उसी क्रम में झरिया के शमशेर नगर हॉल में वीर अब्दुल हमीद सम्मान समारोह सह इदरिसीया दर्ज़ी अधिकार सम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहाबुद्दीन इदरिसी ने की जबकि मंच संचालन शमीम शाह ने किया।
मुख्य अतिथि अली इमाम भारती ने कहा कि झारखंड में दर्ज़ी कामगारों की दशा अत्यंत दयनीय है और सरकार को तत्काल दर्ज़ी कल्याण बोर्ड का गठन करना चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि वीर अब्दुल हमीद के नाम पर बनाए गए चौक-चौराहों के साथ-साथ वीर अब्दुल हमीद भवन का निर्माण भी किया जाना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय महासचिव महबूब आलम ने बिहार सरकार द्वारा गठित दर्ज़ी आर्टिजन विकास समिति के मॉडल को झारखंड में लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं बिहार प्रदेश महासचिव राजू वारसी ने धनबाद के मेमको चौक का नाम शहीद वीर अब्दुल हमीद के नाम पर किए जाने और रोजगार सृजन के लिए योजनाओं की आवश्यकता बताई।
धनबाद जिला अध्यक्ष शहाबुद्दीन इदरिसी ने कहा कि जब तक झारखंड सरकार दर्ज़ी समुदाय के विकास के लिए ठोस योजनाएं नहीं बनाती, उनका संघर्ष और आंदोलन जारी रहेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अली इमाम भारती ने कहा कि फाउंडेशन और फेडरेशन मिलकर जनसेवा, सामाजिक न्याय और दर्ज़ी समुदाय के अधिकारों की लड़ाई को और गति देंगे।
कार्यक्रम में अन्य प्रमुख युवक एवं वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें हाजी असद शाह, मो. कलाम इदरिसी, मो. असलम इदरिसी, मो. सुल्तान इदरिसी, सय्यद हबीब इदरिसी, मो. सिकंदर शाह, मो. मुर्तुजा इदरिसी, मो. जाबाज शाह, मो. हफीज अंसारी, मो. सुलेमान खान, मो. हैदर, मो. कलाम और फाउंडेशन के महासचिव मो. कलाम शामिल थे।

































