भागलपुर में 13 दिसंबर को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भागलपुर के तत्वावधान में 13 दिसंबर (शनिवार) को पूर्वाह्न 10:30 बजे से व्यवहार न्यायालय, भागलपुर, नवगछिया और कहलगांव के परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मुकदमों का निपटारा आपसी सुलह के आधार पर तत्काल किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं – शमनीय (कम्पाउंडेबल) आपराधिक वाद, एन.आई. एक्ट धारा 138 वाद, बैंक ऋण वसूली वाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद, श्रम विवाद, विद्युत और पानी बिल विवाद, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण वाद, सेवा संबंधी वाद (वेतन, भत्ता एवं सेवानिवृत्ति लाभ), राजस्व मामले, किराया वाद, सुखाधिकार वाद, निषेधाज्ञा वाद, माप–तौल विवाद, संविदा पालन संबंधी वाद तथा बी.एस.एन.एल संबंधित वाद।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भागलपुर ने आम नागरिकों और विद्वान अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे अपने लंबित और शमनीय वादों के निष्पादन के लिए अधिक से अधिक भाग लें। इच्छुक पक्षकार संबंधित न्यायालय या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भागलपुर से संपर्क कर सकते हैं।
इस संदर्भ में जानकारी हेतु टॉल फ्री हेल्पलाइन 15100, फोन नंबर 0641-2401017 और ईमेल bslsalokadalat@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।